
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कल एक बदमाश ने कुछ लोगों को अपने घर में बंधक बना लिया था। जब पुलिस वहाँ पहुँची तो उसने पुलिस पर हमला कर दिया। पूरी रात चली इस मुठभेड़ में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया। तकरीबन 9 घंटे तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने 23 बच्चों और महिलाओं को छुड़ा लिया। दरअसल, गुरुवार को सुभाष बाथम नाम के आदमी ने अपनी बेटी के जन्मदिन के बहाने अपने घर में कई बच्चों और महिलाओं को बुलाकर उन्हें बंधक बना लिया था। जानकारी के मुताबिक, सुभाष के ऊपर हत्या समेत कई मामले दर्ज हैं। वह सजा भी काट चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर आया हुआ है। सुभाष ने अपने सारे मामलों को खत्म करवाने के लिए घर में बच्चों और महिलाओं को बंधक बना लिया था।