
अदानी समूह (Adani Group) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। आज अदानी समूह को झटको पर झटके लगे। शेयर बाज़ार (stock market) में शुरुआती कारोबार में अदानी समूह की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली। उधर, संसद में विपक्ष ने अदानी मामले को लेकर चर्चा व ज्वाइंट पार्लियामेंट्री कमेटी (JCP) के गठन के लिए हंगामा किया है। वहीं, उत्तर प्रदेश में भी अदानी ग्रुप को झटका लगा है। जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार की इकाई मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने अदानी समूह के स्मार्ट प्रीपेड मीटर (Smart prepaid meter) लगाने के लिए 5,400 करोड़ रुपये का टेंडर रद्द कर दिया।
बताया जा रहा है कि अदानी ग्रुप मध्यांचल में 72 लाख स्मार्ट मीटर की आपूर्ति करने वाला था और टेंडर का रेट अनुमानित लागत से करीब 48 से 65 फीसदी अधिक होने के कारण इसका लगातार विरोध किया जा रहा था। इसके बाद अब अदानी ग्रुप के दक्षिणांचल के टेंडर पर भी संकट मंडरा रहा है।