मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर मोरारी बापू का समर्थन

morari-bapu

महिलाओं के मंदिर में प्रवेश पर रोक से उपजे विवाद के बीच आध्यात्मिक गुरु मोरारी बापू महिलाओं के समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। प्रख्यात राम कथावाचक ने कहा है कि किसी भी मंदिर में प्रवेश करने और पूजा करने से किसी भी महिला को रोका नहीं जाना चाहिए।  मोरारी बापू ने सवाल किया, ‘जिस घर में लड़की का जन्म होता है उस घर में देवत्व का वास होता है, तो ऐसे में एक महिला को मंदिर में जाने की अनुमति क्यों नहीं होनी चाहिए जहां देवता निवास करते हैं?’ यही नहीं, जिस स्थान पर महिलाओं का प्रवेश नहीं होगा वहां पर देवत्व विलुप्त हो जाएगा।

आध्यात्मिक गुरु ने यह बात ‘मानस राजघाट’ पर लोगों को संबोधित करते हुए कही। राजघाट समिति की ओऱ से ‘मानस राजघाट’ का आयोजन महात्मा गांधी की समाधि पर किया गया है। गांधी जी की हत्या की याद में समिति 30 जनवरी से एक सप्ताह तक कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। मोरारी बापू का यह कायक्रम उसी का एक हिस्सा है।

 देश के कई हिस्सों में महिलाओं के मंदिर में प्रवेश पर रोक लगाने की बातें सामने आई हैं। पिछले कुछ सप्ताहों से सबरीमाला, त्रयंबकेश्वर मंदिर और मुंबई के हाजी पीर दरगाह में महिलाओं के प्रवेश पर रोक के मुद्दे ने काफी जोर पकड़ा है और मंदिर प्रबंधन अपने रुख में बदलाव करने को तैयार नहीं हुआ है।