मणिपुर (Manipur) में हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम दो लोग मारे गए और सुरक्षाकर्मियों सहित छह अन्य घायल हो गए, जबकि हमलावरों ने बिष्णुपुर में छह घरों में आग लगा दी। यह जानकारी पुलिस ने शक्रवार को दी। पुलिस ने कहा कि हमलावरों ने फौगाकचाओ इखाई, हेइकोल, तेराखोंगसांगबी (बिष्णुपुर) और कांगवई (चूरचांदपुर) इलाकों में गोलीबारी की, जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई और दो सुरक्षाकर्मियों सहित छह अन्य घायल हो गए।
इस बीच, यह बताया गया कि मंगलवार को हेइकोल और फौगाकचाओ इखाई इलाकों में सशस्त्र हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी के बाद छर्रे लगने से शुक्रवार को एक ग्रामीण की मौत हो गई। हमलावरों ने बिष्णुपुर के फौगाकचाओ इखाई मनिंग लेइकाई में छह घरों को भी जला दिया। केंद्रीय बल और पुलिस ने हिंसा प्रभावित इलाकों में पहुंचकर हमलावरों पर जवाबी कार्रवाई की और स्थिति को नियत्रण में कर लिया।