सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े ड्रग्स मामले में दो और गिरफ्तार

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) से जुड़े ड्रग्स मामले में (Drugs case) दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है (Two more arrested)। इस मामले की जांच कर रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने कल देर रात एक ब्रिटिश नागरिक करण सजनानी और बॉलीवुड मैनेजर राहिला फर्नीचरवाला को गिरफ्तार किया है।

करण सजनानी एक व्यापारी है। उस पर गांजा सप्लाई करने का आरोप है। एनसीबी ने खुफिया सूचना के आधार पर मुंबई के बांद्रा में एक कुरियर से गांजा जब्त किया था। जांच में पता चला कि बरामद गांजे की पैकिंग करण सजनानी ने की थी। वह मुंबई के अलावा अन्य राज्यों में भी गांजे की सप्लाई करता था। वहीं राहिला फर्नीचरवाला बॉलीवुड के फिल्मी सितारों की मैनेजर के तौर पर काम कर चुकी हैं। वह अभिनेत्री दीया मिर्जा की पूर्व सहायक भी रह चुकी हैं।

इन दोनों के अलावा एक अन्य शख्स जपताप सिंह आनंद को भी गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले करनजीत उर्फ केजे के भाई को भी गिरफ्तार किया गया था। एनसीबी के अनुसार करण सजनानी और राहिला फर्नीचरवाला के इन लोगों से संबंध थे। इसी वजह से ही उनकी गिरफ्तारी भी हो पाई है। अब तक इस मामले में कुल 33 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।