
उन्नाव कांड (Unnao case) में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल कर ली है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक मुख्य साजिशकर्ता है, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग है (Two accused arrested including one minor)।
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग का है। मुख्य आरोपी विनय ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उससे पूछताछ में पता चला कि विनय खेत में मिली तीन लड़कियों में से एक से एकतरफा प्यार करता था। विनय की बहन की उस लड़की से दोस्ती भी थी। विनय के द्वारा फोन नंबर मांगने पर उस लड़की ने इंकार कर दिया था। इसके बाद विनय ने अपने नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर उस लड़की की हत्या की साजिश रची थी। इसके तहत विनय ने पहले उन लड़कियों को चिप्स खाने को दिए थे। फिर उन्हें पीने का पानी दिया। इस पानी में विनय ने पहले से ही कीटनाशक दवा मिला रखी थी। इस पानी को पीने के बाद ही तीनों लड़कियां बेहोश हो गई थीं। हालांकि विनय सिर्फ एक ही लड़की को मारना चाहता था, लेकिन बाकी दोनों ने भी वह पानी पी लिया था। फॉरेंसिक टीम ने पानी की बोतल और चिप्स के खाली पैकेट बरामद कर लिए हैं।
वहीं खेत में मृत पायी गई दोनों लड़कियों के शवों का कल अंतिम संस्कार कर दिया गया था। परिवारवालों की मौजूदगी में पुलिस ने दोनों लड़कियों के शवों को उसी जगह पर कब्र खुदवाकर दफन करवा दिया, जहां उनकी लाशें मिली थीं। तीसरी लड़की अभी कानपुर के अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत में पहले से सुधार हो रहा है और उसके सैम्पल्स को जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है।