
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) एक किसान महासम्मेलन (Peasant Conference) को संबोधित करेंगे। इसका आयोजन आज दोपहर 2 बजे मध्य प्रदेश के रायसेन में स्थित दशहरा मैदान में किया जाएगा। पीएम मोदी नए कृषि कानूनों के बारे में किसानों को समझाएंगे। किसान आंदोलन के मुद्दे पर भी बात होगी। इस महासम्मेलन में बड़ी संख्या में किसानों के भाग लेने की उम्मीद है।
इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और प्रदेश कृषि मंत्री कमल पटेल भी हिस्सा लेंगे। इस मौके पर लगभग 75 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कृषि गोदामों, किसान सुविधा केंद्रों आदि का भूमि पूजन व लोकार्पण भी किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के 35 लाख किसानों के बैंक खातों में 1,600 करोड़ रुपये डाले जाएंगे। इसका ऐलान सीएम ने 15 दिसम्बर को हुई कैबिनेट मीटिंग में किया था। वहीं प्रदेश के लगभग 2,000 पशुपालकों एवं मछली पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड भी प्रदान किए जाएंगे।
यह किसान महासम्मेलन वर्चुअल रूप से मध्य प्रदेश के सभी 52 जिला मुख्यालयों में आयोजित किया जाएगा जहां पर लगभग 1 हज़ार किसानों के भाग लेने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रदेश की सभी 313 जनपद पंचायतों में भी लगभग 500 किसानों के भाग लेने की उम्मीद है। वहीं 23,000 ग्राम पंचायतों में भी 200 किसान भाग ले सकते हैं। इन सब में प्रदेश के मंत्री, विधायक, सांसद एवं जनप्रतिनिधि भी किसानों को नए कृषि कानूनों के बारे में समझाएंगे।
.