आज शारदीय नवरात्रि (Sharadiya Navratri) का तीसरा दिन है। नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा (Maa Durga) के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा करने का विधान है। नवरात्रि के तीसरे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा (Maa Chandraghanta) की आराधना की जाती है। माना जाता है कि मां चंद्रघंटा की पूजा और भक्ति करने से आध्यात्मिक शक्ति मिलती है। धर्म शास्त्रों के अनुसार, नवरात्रि के तीसरे दिन जो भी जातक माता के तीसरे रूप मां चंद्रघंटा की पूजा अर्चना करता है, उसे माता की कृपा प्राप्त होती है। माँ चंद्रघंटा का स्वरूप परम शान्तिदायक और कल्याणकारी है।
धर्म शास्त्रों के अनुसार, माँ चंद्रघंटा ने राक्षसों के संहार के लिए अवतार लिया था। इनमें ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों देवों की शक्तियां समाहित हैं। ये अपने हाथों में तलवार, त्रिशूल, धनुष व गदा धारण करती हैं। इनके माथे पर घंटे के आकार में अर्द्ध चंद्र विराजमान है। इसलिए ये चंद्रघंटा कहलाती हैं।