आज नवरात्रि का छठा दिन है। आज के दिन माँ दुर्गा (Maa Durga) के स्वरूप माता कात्यायनी की पूजा की जाती है। मान्यता है कि मां कात्यायनी (Maa Katyayani) की पूजा करने से शादी में आ रही बाधा दूर होती है और भगवान बृहस्पति प्रसन्न होकर विवाह का योग बनाते हैं। यह भी कहा जाता है कि अगर सच्चे मन से माँ की पूजा की जाए तो वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार माता कात्यायनी की उपासना से भक्त को अपने आप आज्ञा चक्र जाग्रति की सिद्धियां मिल जाती हैं। साथ ही वह इस लोक में स्थित रहकर भी अलौकिक तेज और प्रभाव से युक्त हो जाता है। मां कात्यायनी की उपासना से रोग, शोक, संताप और भय नष्ट हो जाते हैं।
मां कात्यायनी को लाल रंग पसंद है। नवरात्रि के छठे दिन पूजा करते वक्त मां कात्यायनी को शहद का भोग लगाना शुभ माना जाता है, इससे वह बेहद प्रसन्न होती हैं।