देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू (Prime Minister Jawaharlal Nehru) की आज जयंती है। उनकी जयंती पर 14 नवंबर को बाल दिवस (Children’s day) मनाया जाता है। इसे बाल दिवस के रूप में इसलिए मनाते हैं क्योंकि उन्हें बच्चे बहुत पसंद थे। बच्चें उन्हें चाचा नेहरू कहते थे। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को प्रयागराज में हुआ था। देश इस बार पंडित जवाहर लाल नेहरू की 133वीं जयंती मना रहा है। जवाहरलाल नेहरू बच्चों को एक राष्ट्र की वास्तविक ताकत और समाज की नींव मानते थे। नेहरू जी हर बच्चे को भारत का भविष्य मानते थे इसलिए उनका मानना था कि उनके साथ अच्छा व्यवहार किया जाना चाहिए और उन्हें शिक्षित किया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने ट्वीट किया, “हमारे पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि। हम राष्ट्र के लिए उनके योगदान को भी याद करते हैं।”
आपको बता दें कि हर साल इस दिन स्कूलों में बाल दिवस मनाया जाता है और बच्चों के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। हालांकि, 1964 से पहले 20 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता था क्योंकि यूनाइटेड नेशंस इस दिन को विश्व बाल दिवस के रूप में मनाता था। लेकिन नेहरू जी की मृत्यु के बाद संसद में एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके अनुसार हर साल 14 नवंबर को उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाने लगा।