आज 26/11 आतंकी हमले की 12 वीं बरसी

आज 26/11 आतंकी हमले (Terrorists attack) की 12 वीं बरसी है। आज ही के दिन 26 नवंबर 2008 को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Financial Capital Mumbai) में एक बड़ा आतंकवादी हमला हुआ था, जिसने भारत समेत पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया था। इस मौके पर हमले में शहीद पुलिसकर्मियों (Martyred policemen) को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Chief Minister Uddhav Thackeray) ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दिन को याद रखने के लिए दक्षिण मुंबई के पुलिस मुख्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें शहीदों के परिजन भी शिरकत करेंगे।

आपको बता दें कि आज ही के दिन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने मुंबई को बम धमाकों और गोलीबारी से दहला दिया था। करीब साठ घंटे तक मुंबई बंधक बन गई थी। इस आतंकी हमले को आज 12 साल हो गए हैं, मगर यह भारत के इतिहास का वो काला दिन है जिसे कोई भूल नहीं पाएगा। इस हमले में 160 से ज्यादा लोग मारे गए थे और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। मुंबई हमले को याद करके आज भी लोगों का दिल दहल उठता है। इन हमलावरों में एकमात्र अजमल कसाब ही था, जिसे मुंबई पुलिस जिंदा पकड़ सकी थी। कसाब को 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवडा जेल में फांसी दे दी गई थी।