किसानों के समर्थन में आज भारत बंद

आज किसानों के समर्थन में (In support of farmers) भारत बंद का ऐलान किया गया है (Today Bharat Bandh)। केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने इस भारत बंद का आह्वान किया है। उनकी मांग है कि सरकार इन नए कृषि कानूनों को तुरंत वापस ले। वहीं लगभग सभी विपक्षी दलों ने भारत बंद को अपना समर्थन दिया है।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह से ही विभिन्न राज्यों में धरना प्रदर्शन किए जा रहे हैं। जगह-जगह सड़क तथा रेल यातायात रोके जाने की खबरें आ रही हैं। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में राजनीतिक दलों ने रेलगाड़ियां रोकीं। पंजाब और हरियाणा में इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। इसके अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और तमिलनाडु के किसानों ने भी भारत बंद का समर्थन किया है।

सरकार और किसानों के बीच कई बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन समस्या का कोई हल नहीं निकल सका है। कल 9 दिसंबर को एक बार फिर दोनों पक्षों की बैठक होगी, जिसमें कोई न कोई हल निकलने की उम्मीद है। किसान पिछले 12 दिनों से दिल्ली की सीमाओं पर धरना दे कर बैठे हैं।