
अगले साल राजधानी दिल्ली (Capital Delhi) में नगर निगम चुनाव (Delhi MCD Polls 2022) होने वाले हैं। इसी बीच निगम कर्मचारियों ने वेतन, पेंशन और डीए भत्ता लागू करने की मांगों को लेकर हड़ताल करेंगे, जो कि भाजपा (BJP) के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। इस हड़ताल से आज यानी 13 दिसंबर को कुछ सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, क्योंकि आज जो एक लाख कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे, उनमें सभी विभागों के लोग शामिल हैं।
आपको बता दें कि उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के 1 लाख से ज्यादा कर्मचारी इस हड़ताल का हिस्सा बन रहे हैं। दिल्ली नगर निगम के ग्रुप A,B,C,D और पेंशनर्स की आवाज उठाने वाली कंफेडरेशन ऑफ एमसीडी एमप्लॉइज यूनियन ने इस हड़ताल का ऐलान किया है। इसके साथ यूनियन ने कहा कि उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन और पेंशन नहीं मिला है।