फ़िल्म सर्कस ने एक दिन में कमाए 8 करोड़ रुपए

रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) के डायरेक्शन में बनी रणवीर सिंह (Ranveer Singh) स्टारर फ़िल्म ‘सर्कस’ (Cirkus) कल (23 दिसंबर 2022) सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फ़िल्म को लेकर दर्शकों के बीच में बज बना हुआ था, इसके बावजूद सर्कस का पहला दिन बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं रहा। शुरूआती आंकड़े बताते हैं कि ‘सर्कस’ ने पहले दिन 7.5 करोड़ से 8.5 करोड़ रुपए के बीच कमाई की है। फाइनल आंकड़े आने पर अगर कलेक्शन थोड़ा बढ़ भी जाता है तो यह तय है कि ‘सर्कस’ पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दहाई का आंकड़ा छूने से चूक गई है। लॉकडाउन के बाद बॉलीवुड को पहली बड़ी हिट ‘सूर्यवंशी’ देने वाली शेट्टी की फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर पिट जाएगी, जिसकी उम्मीद नहीं थी।

रोहित शेट्टी की फ़िल्मों की बात करें तो उनकी फ़िल्मों का ओपनिंग कलेक्शन आखिरी बार 2010-11 में 8 करोड़ के आसपास देखा गया था। 2010 में आई उनकी फ़िल्म ‘गोलमाल 3’ को 8 करोड़ की ओपनिंग मिली थी और 2011 में ‘सिंघम’ ने पहले दिन 8.94 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। उस समय के हिसाब से ये आंकड़ा बहुत बड़ा था। 10 साल पहले, यानी 2012 में रोहित की ‘बोल बच्चन’ को 12.10 करोड़ की ओपनिंग मिली थी। पिछले एक दशक में रोहित शेट्टी की फ़िल्मों का फर्स्ट डे कलेक्शन 33 करोड़ के पार गया जो शाहरुख खान की ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ से आया था।