
राजस्थान (Rajasthan) के जयपुर (Jaipur) में मंगलवार यानि आज अपराधियों ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना (Shri Rashtriya Rajput Karni Sena) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी (National President Sukhdev Singh Gogamedi) की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने सुखदेव सिंह के गनर को भी गोली मार दी। हालांकि, दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ सुखदेव सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए हैं। स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
घटना श्याम नगर (Shyam Nagar) की है। जानकारी के मुताबिक, सुखदेव सिंह गोगामेडी अपने आवास पर थे, तभी अज्ञात बदमाश ने आकर उन्हें गोली मार दी। बताया जा रहा है कि सुखदेव सिंह को पहले लॉरेस विश्नोई गैंग के गुर्गे संपत नेहरा से धमकी मिली थी। धमकी मिलने के बाद सुखदेव ने जयपुर पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने सुखदेव सिंह को दो गोलियाँ मारी हैं।
आपको बता दें कि बदमाश दो स्कूटी पर सवार होकर आए थे। इनकी संख्या चार बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, सुखदेव सिंह गोगामेड़ी मंगलवार दोपहर करीब 2.45 बजे श्याम नगर जनपथ स्थित अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोगामेड़ी को मेट्रो मास अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, मेट्रो मास अस्पताल के बाहर करणी सेना के कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई है।