महाराष्ट्र में भारी बारिश और बाढ़ के चलते अब-तक 105 लोगों की मौत

महाराष्ट्र (Maharashtra) में भारी बारिश (Heavy rain) का कहर जारी है। जिसके चलते कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इस प्राकृतिक आपदा (natural calamity) के चलते राज्य में अब तक 105 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र के कुल 28 जिले भारी बारिश के चलते बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें पुणे, सतारा, नासिक, सोलापुर, जलगाँव, अहमदनगर, बीड़, लातूर, वाशिम, यवतमाल, धुले, जालना, अकोला, बुलढाणा, भंडारा, नागपुर, नंदुरबार, मुंबई उपनगर, पालघर, ठाणे, नांदेड़, अमरावती, वर्धा, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, गढ़चिरौली, सांगली, चंद्रपुर जिले शामिल हैं।

इन सभी जिलों में 1 जून 2022 से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के इन हिस्सों में करीब 24.6 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। सात लोग लापता हैं और 69 लोग बारिश और बाढ़ की घटनाओं में घायल हुए हैं। महाराष्ट्र के कुल 275 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं 1368 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुँचा है।