कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संतोख सिंह चौधरी का निधन

पंजाब कांग्रेस (Punjab Congress) के वरिष्ठ नेता संतोख सिंह चौधरी (Santokh Singh Chaudhary) का निधन हो गया है। शनिवार (14 जनवरी 2023) को चौधरी भारत जोड़ो यात्रा (India Jodo Yatra) में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। लेकिन बचाया नहीं जा सका। चौधरी के निधन के बाद अब भारत जोड़ो यात्रा स्थगित कर दी गई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित तमाम बड़े नेता अस्पताल पहुंचे हैं। कहा जा रहा है कि यात्रा के दौरान चौधरी हड़बड़हट में अचानक जमीन पर गिर पड़े। उन्हें एंबुलेंस से फिल्लौर के विर्क अस्पताल ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह और विजय इंदर सिंगला ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress President Mallikarjun Kharge) ने चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ‘संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन की खबर सुनकर दुखी हूँ। उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए बड़ी क्षति है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के साथ है। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।’ वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट किया कि ‘जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से बेहद दुखी हूँ। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’