दिल्ली पहुँचा भारतीयों का दूसरा जत्था

इजरायल (Israel) और हमास (Hamas) के बीच चल रहे युद्ध के कारण भारत को वहाँ मौजूद अपने नागरिकों की चिंता सता रही है। भारत ने इजरायल से भारतीय नागरिकों की सरक्षित वापसी के लिए ‘ऑपरेशन अजय’ शुरू किया है। इस निकासी अभियान के तहत इजराइल से भारतीयों का दूसरा बेड़ा दिल्ली पहुंच गया है। 235 भारतीय नागरिकों को लेकर एक विशेष विमान दिल्ली पहुंच गया है। विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह नागरिकों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद हैं।

भारतीय नागरिकों के दूसरे जत्थे में दो नवजात शिशुओं सहित 235 नागरिक शामिल थे। शुक्रवार (13 अक्टूबर) को उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला लिया गया। विमान ने स्थानीय समय के मुताबिक रात 11 बजे इजरायल से उड़ान भरी थी। इससे एक दिन पहले ही 212 भारतीयों को विशेष विमान के जरिए भारत लाया गया था। भारत ने गुरुवार को ऑपरेशन अजय की घोषणा की।