लोकल ट्रेन में हुई महिला यात्रियों के बीच हाथापाई, पुलिसकर्मी को किया घायल

लोकल ट्रेन के अंदर महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरु हो गया और देखते ही देखते बात हाथपाई तक पहुंच गई। विवाद के बाद कुछ महिलाओं ने मारपीट की और यहां तक की ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को भी लहुलुहान कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई घटना का वीडियो ठाणे-पनवेल लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे का है। वाशी गवर्नमेंट रेलवे पुलिस जीआरपी (GRP) के पुलिस इंस्पेक्टर संभाजी कटारे (Sambhaji Katare) के अनुसार, झड़प का कारण तुर्भे स्टेशन के पास एक सीट को लेकर तीन महिला यात्रियों के बीच विवाद था। मामला तब बढ़ गया जब मारपीट में और भी महिलाएं शामिल हो गईं। कटारे ने कहा कि वाशी जीआरपी घटना की जांच कर रही है और मामला दर्ज कर लिया गया है।

विवाद को सुलझाने के लिए नेरुल में हस्तक्षेप करने की कोशिश करने वाली एक पुलिसकर्मी पर भी कुछ महिला यात्रियों ने उस पर हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गई। पुलिसकर्मी समेत कम से कम तीन महिलाओं को चोटें आईं। पुलिस के मुताबिक तुर्भे स्टेशन पर एक सीट खाली होने पर एक महिला यात्री ने दूसरी महिला को सीट देने की कोशिश की तभी एक तीसरी महिला ने भी उसी सीट पर कब्जा करने की कोशिश की। इसी बात को लेकर तीनों महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई और मारपीट करने लगी। जल्द ही, कुछ अन्य यात्री भी विवाद में शामिल हो गए। जिसके परिणामस्वरूप ये सब हुआ।