
इंस्टाग्राम पर ‘बॉयज लॉकर रूम’ पर की गई अश्लील चैट को लेकर दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सोमवार सुबह #boyslockerroom ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा था। दरअसल ये इंस्टाग्राम पर बनाए गए एक अकाउंट का नाम है, जिस पर कुछ स्कूली बच्चे अश्लील चैट कर रहे थे। इस ग्रुप में लड़कियों की फोटो डालकर गैंगरेप करने की बात की जा रही थी। एक ट्वीटर यूजर ने ग्रुप के स्क्रीन शॉट लेकर सोशल मीडिया पर डाल दिए। इसके बाद से मामले की जांच दिल्ली पुलिस की साइबर सेल (Cyber Cell of Delhi Police) कर रही है। उसने ग्रुप के एडमिन को गिरफ्तार कर लिया है, जो नोएडा के एक नामी स्कूल का छात्र है। साइबर सेल के सूत्रों ने बताया कि इस ग्रुप की शुरुआत आरोपी छात्र ने अपने 4 साथियों के साथ की थी। इसमें दिल्ली के नामी स्कूलों के 11वीं और 12वीं के छात्र शामिल थे। इनमें से 27 की पहचान हो चुकी है तथा 12 के मोबाइल जब्त कर उनकी जांच की जा रही है। इस ग्रुप में दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद के छात्र भी शामिल थे। दिल्ली पुलिस ने इंस्टाग्राम को पत्र लिखकर ग्रुप से जुड़े डिटेल मांगे हैं।