सत्येंद्र जैन अस्पताल में भर्ती

दिल्ली (Delhi) के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendar Jain) को गुरुवार को एक बार फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक वह तिहाड़ जेल (Tihar jail) के बाथरूम में चक्कर आने के बाद वह गिर गए थे। उन्हें पश्चिमी दिल्ली स्थित दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तिहाड़ जेल प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक कल रात सत्येंद्र जैन अपने वार्ड के अंदर बाथरूम में गिर गए थे। बाथरूम के अंदर पैर फिसलने की वजह से सत्येंद्र जैन गिरे थे।

इससे पहले 22 मई को भी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में तिहाड़ जेल में बंद पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को दिल्ली पुलिस सफदरजंग अस्पताल ले गई थी। रीढ़ की हड्डी में समस्या के चलते उन्हें अस्पताल लाया गया था। इससे पहले शनिवार को भी इसी तरह की शिकायत पर जेल प्रशासन ने उन्हें दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा था, वहां से आने के बाद पूर्व मंत्री ने जेल प्रशासन को दूसरे डॉक्टर से बीमारी के संबंध में राय लेने की जानकारी दी। अस्पताल से राय लेने के बाद उन्हें वापस तिहाड़ लाया गया।

जेल अधिकारियों ने बताया कि शनिवार (20 मई 2023) को सत्येंद्र जैन ने रीढ़ की हड्डी में दर्द की शिकायत की थी। उनके वकील ने कोर्ट में यह भी बताया था कि जैन का वजन 35 किलो घट गया है। उसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें पुलिस टीम के साथ शनिवार को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा, जहाँ डॉक्टरों ने उनका चेकअप किया और कुछ सलाह दी।