हार से बौखलाय रमीज राजा

कल एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में श्रीलंका (Sri Lanka) ने पाकिस्तान (Pakistan) को 23 रन से हरा दिया। इसके साथ ही श्रीलंकाई टीम छठी बार चैंपियन बन गई, जबकि पाकिस्तान का तीसरी बार चैंपियन बनने का सपना टूट गया। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट के फाइनल में नहीं पहुँच पाई थी। इसके बाद पाकिस्तान की जीत तय मानी जा रही थी। यूएई में टॉस का बहुत अहम रोल होता है और बाबर ने जब टॉस जीता तो सभी पाकिस्तानी फैंस अपने देश की जीत तय मान चुके थे। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं और फाइनल मैच में पाकिस्तान को 23 रन से हार का सामना करना पड़ा।

पाकिस्तान के फैंस यह हार पचा नहीं पा रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रमीज राजा भी इनमें से एक हैं। पाकिस्तान की हार के बाद जब रमीज राजा से एक भारतीय पत्रकार ने सवाल करने की कोशिश की तो वह भड़क गए। उन्होंने पत्रकार का फोन छीन लिया। भारतीय पत्रकार ने रमीज से कहा कि आवाम काफी नाखुश है। यह सुनते ही रमीज राजा गुस्सा हो गए। उन्होंने कहा कि आप भारत से होंगे, तो आपकी आवाम तो काफी खुश होगी। आप इस तरह नहीं पूछ सकते। इतना कहकर उन्होंने फोन छीना और उसे नीचे कर दिया।