18 फरवरी को किसानों का रेल रोको अभियान

पिछले ढ़ाई महीने से भी अधिक समय से चल रहा किसान आंदोलन (Peasant movement) अब और उग्र होता जा रहा है। अब किसान नए कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन (Protest) को पूरे देश में खड़ा करने की तैयारी कर रहे हैं। इसी क्रम में अब 16 फरवरी को किसानों के मसीहा ‘सर छोटूराम’ की जयंती पर किसान संगठनों ने देशभर में अपनी एकजुटता दिखाने का फैसला किया है।

किसान आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा (Skm) ने 18 फरवरी को राष्ट्रव्यापी रेल रोको अभियान का ऐलान किया है। वरिष्ठ किसान नेता और संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य डॉ. दर्शन पाल सिंह ने बताया कि किसान 12 फरवरी को राजस्थान के सभी टोल प्लाजा को फ्री कराएंगे। इसके बाद 14 फरवरी को पुलवामा हमले की सालगिरह पर शहीद जवानों और किसानों के लिए कैंडल मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को सर छोटूराम की जयंती पर किसान देशभर में एकजुटता दिखाएंगे, इसके लिए किसान सॉलिडैरिटी शो शुरू किया जाएगा। साथ ही 18 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक राष्ट्रव्यापी रेल रोको अभियान चलाया जाएगा।