
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) के असम (Assam) दौरे का आज तीसरा और आखिरी दिन है। अपने दौरे के आखिरी दिन राष्ट्रपति मुर्मू ने सुखोई फाइटर जेट (Sukhoi Fighter Jet) से उड़ान भरी। राष्ट्रपति ने यह उड़ान असम के तेजपुर एयरबेस (Tezpur Airbase) से भरी। इससे पहले 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल भी अग्रिम मोर्चे के लड़ाकू विमान में उड़ान भर चुकी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार (07 अप्रैल 2023) को गुवाहाटी (Guwahati) में गजराज महोत्सव-2023 का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रकृति और मानवता के बीच पवित्र रिश्ता होता है। जो काम प्रकृति और पशु-पक्षियों के हित में लिए हितकारी है, वह मानवता के भी हित में है। यह धरती माता के हित में भी है। इससे पूर्व उन्होंने कांजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में हाथी को खाना खिलाया और जीप सफारी का लुत्फ लिया। राष्ट्रपति ने हाथियों के साथ दया का व्यवहार करने, उनके गलियारों को अवरोधों से मुक्त रखने का आग्रह किया ताकि उनकी आवाजाही आसान हो सके।
बता दें, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू असम के तीन दिवसीय दौरे पर गुरुवार दोपहर गुवाहाटी पहुंची थीं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। राज्यापल गुलाब चंद कटारिया भी राष्ट्रपति की अगवानी के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद थे।