
बर्ड फ्लू ने तेजी से पूरे देश में अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। अब देश की राजधानी दिल्ली में भी बर्ड फ्लू के फैलने की आशंका व्यक्त की जा रही है (Possibility of bird flu in Delhi)। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेस-3 के एक पार्क में कई कौवों के मृत पाए जाने से दहशत फैल गई है (Death of crows in Park)। यहां बड़ी संख्या में कौए आते हैं, इसलिए यह कौओं के पार्क के नाम से भी मशहूर है।
इस पार्क के एक कर्मचारी के अनुसार, यहां पिछले 3-4 दिनों से रोज सुबह मरे हुए कौवे मिल रहे हैं। उन्हें वहीं पार्क में गड़ढा खोदकर दफना दिया जाता है। इसकी खबर मिलने के बाद शुक्रवार सुबह दो डॉक्टर भी पार्क में आए थे। वे मरे हुए कौओं को जांच के लिए अपने साथ ले कर गए हैं। इन कौओं का पोस्टमार्टम किया जाएगा, तभी सही वजह सामने आएगी।
इस बीच दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने लोगों से सावधान रहने को कहा है। दिल्ली सरकार ने मयूर विहार के इस पार्क में 17 कौवों के मृत पाए जाने की पुष्टि की है। इनमें से 4 को जांच के लिए भेज दिया गया है।