
विश्व कप 2023 (world cup 2023) में बुधवार को पूणे के एमसीए स्टेडियम (MCA Stadium) में खेले गए मैच में दक्षिण अफ्रीका (South Africa) टीम ने न्यूजीलैंड (New Zealand) को 190 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड से अपने पुराने जख्मों का बदला ले लिया है। क्विंटन डी कॉक और रासी वान डेर डुसेन के शतकों की मदद से विशाल स्कोर बनाने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम ने आईसीसी वनडे विश्व कप (ICC ODI World Cup) में न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल की दहलीज पर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं।
वनडे विश्व कप में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 24 साल बाद न्यूजीलैंड को हराया है। इससे पहले वनडे विश्व कर में दक्षिण अफ्रीका को न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी जीत 1999 विश्व कप में मिली थी। 1999 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 74 रनों से हराया था। 1999 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका से हारने के बाद न्यूजीलैंड ने कमाल का प्रदर्शन किया है। इसके बाद न्यूजीलैंड ने 2003 विश्व कप, 2007 विश्व कप, 2011 विश्व कप, 2015 विश्व कप और 2019 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका को हराया है।