नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रचा इतिहास

भारत (India) के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा (golden boy neeraj chopra) ने इतिहास रच दिया है। वह विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप (World Athletics Championships) में स्वर्ण (Gold) जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के नेशनल एथलेटिक्स सेंटर में जेवलिन थ्रो इवेंट में नीरज ने  88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। फाइनल में कुल छह प्रयास यानी राउंड होते हैं और नीरज ने दूसरे राउंड में ही 88.17 मीटर का थ्रो किया। इसके बाद से वह अंक तालिका में बढ़त बनाए हुए थे और यह बढ़त अंत तक कायम रही।

ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और डायमंड लीग में चैंपियन बनने वाला यह खिलाड़ी इस टूर्नामेंट से पहले सिर्फ विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ही स्वर्ण नहीं जीत पाया था, लेकिन अब उनकी झोली में इसका स्वर्ण पदक भी है। नीरज के छह अटेम्प्ट फाउल, 88.17 मीटर, 86.32 मीटर, 84.64 मीटर, 87.73 मीटर और 83.98 मीटर थे।

पाकिस्तान के अरशद नदीम (Arshad Nadeem) ने 87.82 मीटर के साथ रजत पदक जीता। वहीं, चेक गणराज्य के जैकब वेदलेच ने 86.67 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ कांस्य पदक पर निशाना साधा। फाइनल में नीरज के साथ दो अन्य भारतीय खिलाड़ी डीपी मनु और किशोर जेना भी थे। किशोर 84.77 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहे जबकि डीपी मनु 84.14 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे।