
अली फजल और ऋचा चड्ढा शादी के बंधन में बंधने को तैयार हैं। दोनों की शादी से पहले की रस्में शुरू हो गई हैं। बीती शाम ऋचा के हाथों पर अली के नाम की मेहंदी लगी। ऋचा ने मेहंदी की झलक अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की है। ऋचा ने कुछ छोटे-छोटे वीडियो शेयर किए हैं जिसमे उनकी मेहंदी नजर आ रही है। ऋचा की मेहंदी काफी खास है। हथेली पर जहां उन्होंने अपना और अली का नाम लिखवाया है। वहीं बैक पर उन्होंने एक बिल्ली बनाई है। यह बिल्ली भी ऋचा के लिए काफी खास है क्योंकि ऋचा को बिल्लियों से प्यार है और उनके पास भी 2 बिल्लियां हैं।
इसके साथ ही ऋचा का नेल पेंट भी काफी खास है। उन्होंने नजर ना लगने वाले इविल आई का नेल आर्ट बनाया है। बता दें कि शादी के फंक्शन दिल्ली में हो रहे हैं और क्योंकि ऋचा दिल्ली से हैं तो उन्होंने अपनी मेहंदी, संगीत और कॉकटेल के लिए दिल्ली की चाट मेन्यु में रखे हैं। रजौरी गार्डन के फेमस छोले भटूरे, नटराज की चाट, चटोरी गली के राम लड्डू जैसी कई चीजें चाट में हैं।
बता दें कि अली और ऋचा की शादी के फंक्शन बीती शाम से शुरू हो गए हैं और 7 अक्टूबर तक चलेंगे। 6 अक्टूबर को दोनों की शादी होगी दिल्ली में और इसके बाद 7 अक्टूबर को दोनों मुंबई में ग्रैंड रिसेप्शन देंगे जिसमे बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई सेलेब्स शामिल होंगे।