आज मकर संक्रांति का पर्व

आज मकर संक्रांति (Makar Sankranti) का पर्व है। वहीं, आज माघ मेला (Magh Mela) का पहला स्नान भी है। इस दिन स्नान और दान का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि आज के दिन गरीबों को दान करने पर सूर्यदेव की कृपा बरसती है। कहा जाता है कि इसी दिन सूर्यदेव अपने पुत्र शनि से मिलने आते हैं। इसके चलते भी यह पर्व बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। वहीं, कुछ मान्यताएं ऐसी भी हैं कि इसी दिन शुक्र का उदय होता है और इसी दिन से शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाती है। माना जाता है कि मकर संक्रांति पर तिल, कंबल, घी आदि का दान करने से भगवान सूर्यदेव प्रसन्न होकर संपत्ति आदि प्रदान करते हैं। आज के दिन सूर्य के मकर राशि में जाते ही शुभ समय की शुरुआत हो जाती है। लोग इसकी शुरुआत का जश्न पतंग उड़ाकर मनाते हैं। इस दिन आसमान में रंग बिरंगी पतंगे लहराती हुई नजर आती हैं। कई जगहों पर पतंग उड़ाने की प्रतियोगताएं भी आयोजित की जाती हैं।