
उत्तराखंड (Uttarakhand) के रुद्रप्रयाग (Rudraprayag) में एक हादसे में पांच तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। ये हादसा उस वक्त हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी एक कार भूस्खलन (landslide) की चपेट में आ गई। जानकारी के मुताबिक, रुद्रप्रयाग जिले के चौकी फाटा अंतर्गत तरसाली में गुरुवार शाम को भारी भूस्खलन हुआ। इस भूस्खलन के मलबे की चपेट में एक कार आ गई। शनिवार को पुलिस ने बताया कि कार सवार तीर्थ यात्रा के लिए यहाँ पहुंचे थे। सभी यात्री कार से केदारनाथ जा रहे थे। इसी दौरान तारसाली में बोल्डर के साथ पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से केदारनाथ हाईवे का 60 मीटर हिस्सा ढह गया।
इस दौरान श्रद्धालुओं की कार भी मलबे में दब गई। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। शुक्रवार को रेस्क्यू टीम को मलबे में दबी एक कार मिली। अधिकारियों ने बताया कि, “शुक्रवार को मलबे में दबी एक गाड़ी मिली, जिसमें से पांच शव बरामद किए गए। मृतकों में से एक गुजरात का रहने वाला था।” उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है।