
आज पूरा देश ‘कारगिल विजय दिवस’ (Kargil Vijay Diwas) के रूप में भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान को याद कर रहा है। हम सभी जानते हैं कि साल 1999 में भारत और पाकिस्तान (India and Pakistan) के बीच कारगिल युद्ध हुआ था, जो 26 जुलाई 1999 को समाप्त हुआ था। इस युद्ध में भारत ने पड़ोसी देश पाकिस्तान को हराया था। पाकिस्तान पर भारत की इस जीत को 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस युद्ध में हमने कई वीर सपूतों को खोया। यह दिन उस युद्ध में शहीद हुए देश की आन, बान और शान भारतीय सेना के पराक्रम को याद करने और उनकी कुर्बानी को सम्मान देने का है।
आपको बता दें कि इस युद्ध में भारत ने अपने 527 सैनिक खो दिया थे। जबकि, 1363 सैनिक घायल हुए थे। इस युद्ध में भारतीय सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपने खून की आखिरी बूंद भी कुर्बान कर दी थी। इन वीरों की बहादुरी की कहानियां आज भी हमें गौरवान्वित महसूस कराती हैं।