
बॉलीवुड़ अभिनेता जॉन अब्राहम (John abraham) शूटिंग के दौरान घायल हो गए हैं। उनकी हथेली पर चोट लगी है। उस समय जॉन फिल्म ‘सत्यमेव जयते-2’ (Satyameva Jayate 2) की शूटिंग कर रहे थे। उपचार के लिए उन्हें सुंदरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जॉन के घायल होने की सूचना मिलते ही उनके प्रशंसक परेशान हो उठे। फिल्म के सदस्यों ने बताया कि अभिनेता जॉन अब्राहम गुरुवार की सुबह लखनऊ से बनारस आए थे। सत्यमेव जयते-2 की शूटिंग के लिए गंगा किनारे पंचकोट घाट पर सेट लगाया गया था। पहले दिन की शूटिंग के दूसरे चरण में लड़ाई का सीन चल रहा था। इसी दौरान अभिनेता जॉन अब्राहम को हाथ में चोट लग गई। डॉक्टरों ने उनकी हथेली का एक्स-रे भी किया। जॉन को हल्का फ्रैक्चर हुआ है। दर्द के कारण उनकी हथेली पर बैंडेड बांध दी गई है, ताकि उन्हें आराम मिल सके। जॉन ने अस्पताल में लगभग 1 घंटा बिताया। ‘सत्यमेव जयते’ यानी इस फिल्म के पहले पार्ट में भी एक एक्शन सीन शूट करते वक्त जॉन अब्राहम घायल हो गए थे।