
झारखंड (Jharkhand) के शिक्षा एवं मद्यनिषेध मंत्री जगरनाथ महतो (Minister Jagarnath Mahato) का निधन हो गया। उन्होंने गुरुवार (06 अप्रैल 2023) सुबह चेन्नई (Chennai) के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। करीब डेढ़ साल पहले चेन्नई के एमजीएम हेल्थ केयर हॉस्पिटल में उनका लंग्स ट्रांसप्लांट (lungs transplant) हुआ था। तब से वह स्वस्थ थे। लगभग 20 दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची से चेन्नई एयरलिफ्ट किया गया था, लेकिन इस बार उन्हें बचाया नहीं जा सका। झारखंड में टाइगर के नाम से मशहूर जगरनाथ महतो झारखंड मुक्ति के कद्दावर नेताओं में शामिल थे। गिरिडीह के डुमरी विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार विधायक चुने गए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
राज्य सरकार ने उनके सम्मान में 6 और 7 अप्रैल को राजकीय शोक घोषित किया है। जिन भवनों में नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाते हैं, वहां ध्वज झुके रहेंगे। साथ ही 6 अप्रैल को सभी दफ्तर बंद रखने का भी ऐलान किया है। गुरुवार को शाम 4 बजे होने वाली कैबिनेट की बैठक भी टाल दी गई है।
जगरनाथ महतो का जन्म वर्ष 1967 में एक किसान परिवार में हुआ था। जगरनाथ महतो राजनीति की ऐसी शख्सियत थे, जिनका पक्ष और विपक्ष दोनों सम्मान करते थे। जिस डुमरी विधानसभा क्षेत्र से वे जीतते आ रहें थे, वहाँ उनकी लोकप्रियता इतनी अधिक थी कि लगातार चौथी बार क्षेत्र की जनता ने उन्हें वहाँ से जिताकर विधानसभा भेजा था।