जापान (Japan) की अंतरिक्ष एजेंसी ने 7 सितंबर को अपना चंद्रमा मिशन लॉन्च (moon mission launch) कर दिया। खराब मौसम के कारण जापन को पिछले महीने एक सप्ताह में तीन बार अपना मिशन स्थगित करना पड़ा था। जापानी अंतरिक्ष एजेंसी ने तनेगाशिमा अंतरिक्ष केंद्र से स्नाइपर लैंडर के साथ H2-A रॉकेट पर स्थानीय समयानुसार सुबह 8:42 बजे चंद्रमा मिशन लॉन्च किया। इसके 4 से 5 महीने में चंद्रमा की कक्षा में पहुँचने और अगले साल जनवरी में उतपने की उम्मीद है। जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (JAXA) ने कहा कि रॉकेट ने योजना के अनुसार दक्षिणी जापान के तनेगाशिमा अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरी और स्मार्ट लैंडर फॉर इन्वेस्टिगेटिंग मून (SLIM) को सफलतापूर्वक छोड़ा। भारतीय अंतिरक्ष अनुसंधान संस्थान (ISRO) ने जापान की स्पेस एजेंसी जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी को चांद मिशन के सफलतापूर्वक लॉन्चिंग की बधाई दी है।
अगर जापान का चंद्र मिशन सफल रहा तो वह चंद्रमा पर उतरने वाला दुनिया का पांचवां देश बन जाएगा। इसी साल जापान की एक निजी कंपनी ने चांद पर उतरने की कोशिश की थी, लेकिन वो नाकाम रही। जापानी स्टार्टअप आईस्पेस (9348.टी) द्वारा निर्मित हकुतो-आर मिशन 1 लैंडर, अप्रैल में चंद्रमा की सतह पर उतरने का प्रयास करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे पहले पिछले वर्ष जापान द्वारा चंद्रमा पर लैंडिंग के दो पहले प्रयास विफल रहे थे।