
चंद्रयान-3 मिशन का रोवर प्रज्ञान (Pragyan Rover) चंद्रमा (moon) के दक्षिणी ध्रुव पर सावधानी से घूम रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने सोमवार (28 अगस्त) को रोवर की कुछ और तस्वीरें जारी की हैं। साथ ही इसरो ने फोटो शेयर करते हुए एक ट्वीट कर बताया, “चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) मिशन का रोवर प्रज्ञान 27 अगस्त को अपने स्थान से 3 मीटर आगे एक 4 मीटर व्यास वाले गड्ढे (क्रेटर) के पास पहुंचा। इसके बाद रोवर को वापस लौटने की कमांड दी गई। ये अब सुरक्षित रूप से एक नए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।”
इससे पहले रविवार को इसरो ने चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर के जुड़े चेस्ट पेलोड की चंद्र सतह पर मापे गए तापमान भिन्नता का एक ग्राफ जारी किया था। इसरो की ओर से जारी ग्राफ में चांद की सतह का तापमान -10 डिग्री सेल्सियस से लेकर 50 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा दिखाई दे रहा है। इसरो ने बताया था कि पेलोड में एक तापमान जांचने का यंत्र है जोकि सतह के नीचे 10 सेमी की गहराई तक पहुंचने में सक्षम है। इसमें 10 तापमान सेंसर लगे हैं। आपको बता दें कि, इसरो ने 14 जुलाई को चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च किया था।