
राजधानी दिल्ली (Capital Delhi) के तिहाड़ जेल (Tihar Jail) में एक कैदी ने आत्महत्या कर ली है। जानकारी के मुताबिक 26 वर्षीय कैदी जावेद (Javed) ने अपनी जान दे दी है। कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कैदी के खुदकुशी करने का कारण अभी सामने नहीं आया है। सूत्रों के मुताबिक यह घटना सोमवार को हुई। मामले की जाँच हरी नगर थाने की पुलिस कर रही है।
जेल प्रशासन की जानकारी के मुताबिक 22 मई को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश -2 (FTC) दक्षिण ने कैदी जावेद को दोषी करार दिया था। उसे डकैती, लूट या डकैती के दौरान घातक हथियार का इस्तेमाल करने के अलावा दो अन्य धाराओं में दोषी पाया गया है। इसके बाद उसे सेंट्रल जेल नंबर 8/9 में लाया गया। यहां उसने शाम करीब 5 बजे कॉमन टॉयलेट एरिया में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी जेल प्रशासन ने सभी संबंधितों को दे दी है। इसकी न्यायिक मजिस्ट्रेट जांच भी शुरू हो गई है।