भारत का पहला प्राइवेट रॉकेट विक्रम-एस लॉन्च

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने आज भारत का पहला निजी रॉकेट विक्रम-एस (Vikram-S) लॉच किया। जानकारी के मुताबिक इस रॉकेट को हैदराबाद (Hyderabad) स्थित स्काईरूट एयरोस्पेस (Skyroot Aerospace) कंपनी ने बनाया है। ‘विक्रम-एस’ की लॉन्चिंग आज (18 नवंबर 2022) श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से हुई है। इस मिशन का नाम ‘प्रारंभ’ रखा गया है। इससे देश के अंतरिक्ष उद्योग में निजी क्षेत्र की एंट्री को नई ऊंचाई मिलेगी। इस रॉकेट का वजन करीब 545 किलोग्राम है।

आपको बता दें कि रॉकेट का नाम ‘विक्रम-एस’ भारत के महान वैज्ञानिक और इसरो के संस्थापक डॉ. विक्रम साराभाई के नाम पर रखा गया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह (Union Minister Dr. Jitendra Singh) ने कहा कि यह वास्तव में भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की यात्रा की एक नई शुरुआत, एक नई सवेरा और एक नई पहल है। यह भारत के लिए अपने खुद के रॉकेट विकसित करने और भारत के स्टार्टअप आंदोलन में एक महत्वपूर्ण मोड़ है।