
कोरोना के बढ़ते खतरे के मद्देनजर, ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से सामान्य नहीं हो पा रहा है। देश के कुछ अहम रूटों पर ट्रेन चलाने के लिए यात्रियों की मांग लगातार बढ़ रही है, जिसको देखते हुए सीमित संख्या में कुछ विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा सकता है। भारतीय रेल बोर्ड (Indian Railway Board) ने इस विषय में एक प्रस्ताव विचार करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय (Union Ministry of Home Affairs) के पास भेजा है। मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। वहीं औद्योगिक शहरों में कारोबारी गतिविधियां रफ्तार पकड़ने लगी हैं। कोरोना से डरकर जो प्रवासी मजदूर अपने घर लौट गए थे, अब उनके आने का सिलसिला शुरू हो गया है। विभिन्न राज्यों में मानसून सीजन में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है, जिसकी वजह से कई राज्य अपने यहां ट्रेनों के ठहराव तक की अनुमति देने से मना कर रहे हैं। बंगाल, झारखंड और गोवा इस बात के प्रमुख उदाहरण हैं। भारतीय रेलवे बोर्ड ने कुछ अहम रूटों पर ट्रेन चलाने के बारे में विचार-विमर्श शुरू कर दिया है, जिसके लिए उसे राज्यों की सहमति और केंद्रीय गृह मंत्रालय की अनुमति की दरकार है।