
भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) ने दक्षिण अफ्रीका (South Africa) को पहले टेस्ट में 113 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भारत के सामने दौरे से पहले कई चुनौतियां थीं, लेकिन इन सबको पीछो छोड़ते हुए भारत ने जीत हासिल की। इस मैदान पर अफ्रीका का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। इस टेस्ट से पहले तक अफ्रीकी टीम ने यहां 26 मैच खेले थे और सिर्फ दो मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, भारत ने ऑस्ट्रेलिया में गाबा का गुरूर तोड़ने के बाद अब टीम ने दक्षिण अफ्रीका में सेंचुरियन भी फतह कर ली है। इस साल की शुरुआत में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को ब्रिस्बेन के गाबा में हराया था। इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया 32 साल बाद हारी थी। वहीं, इसी साल भारतीय टीम ने ओवल के मैदान पर इंग्लैंड को हराया था। ओवल में इंग्लैंड की टीम 50 साल बाद हारी थी।