छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के सुकमा जिले (Sukma District) में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के शिविर में जवान ने अपने ही साथियों पर गोली चला दी है। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। इसकी जानकारी पुलिस ने आज दी है। राज्य के बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने आज बताया कि सुकमा जिले के लिंगमपल्ली गांव में स्थित सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के शिविर में एक जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में चार जवानों की मृत्यु हो गई है तथा तीन अन्य घायल हो गए हैं। यह वारदात सुकमा के लिंगमपल्ली कैंप (Lingampally Camp) में हुई है। गोली चलाने की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।