कर्तव्य पथ पर महामहिम राष्ट्रपति मुर्मू ने फहराया तिरंगा, गणतंत्र दिवस परेड जारी

आज भारत अपना 74वां गणतंत्र दिवस (Republic Day 2023) मना रहा है और इसकी धूम पूरे देश में दिख रही है। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराया। इस दौरान मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी (Abdel Fattah El-Sisi) गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। गणतंत्र दिवस समारोह में देश का नेतृत्व राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर रही हैं। कर्तव्य पथ पर परेड की शुरुआत हो चुकी है, जहां इसमें देश की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिल रही है। इससे पहले पीएम मोदी ने नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर शहीदों को नमन किया।

परेड देखने के लिए करीब 12 हजार पास और करीब 32 हजार ऑनलाइन टिकट बांटे गए हैं। लोगों के बैठने के लिए अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं। वर्टिकल प्लेटफार्म पर कुर्सियाँ लगाई गई हैं ताकि पीछे बैठे लोग भी परेड को आसानी से देख सकें। कोरोना से पहले गणतंत्र दिवस समारोह में करीब सवा लाख लोग शामिल होते थे। कोरोना के दौरान करीब 25 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। परेड में शामिल सेना के सभी हथियार स्वदेशी होंगे। परेड सुबह 10:30 शुरू हो गई है, जो करीब 90 मिनट तक चलेगी।

मिस्र की सेना की एक सैन्य टुकड़ी 26 जनवरी को भारत की गणतंत्र दिवस परेड में मार्च करेगी। परेड में मिस्र की सैन्य टुकड़ी के 144 जवान शामिल होंगे। मिस्र की सैन्य टुकड़ी ने सोमवार को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के लिए ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया।