हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी का निधन

हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री (Deputy Chief Minister Mukesh Agnihotri) की पत्नी प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री (Wife Professor Simmi Agnihotri) का शुक्रवार रात को निधन हो गया। शुक्रवार रात करीब 12 बजे उपमुख्यमंत्री ने खुद अपने फेसबुक पेज पर यह जानकारी साझा की। उपमुख्यमंत्री ने लिखा कि हमारी प्रिय सिम्मी अग्निहोत्री हमें और आस्था को छोड़कर चली गईं। मुकेश अग्निहोत्री की बेटी का नाम आस्था है, वह फिलहाल विदेश में पढ़ाई कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि सिमी अग्निहोत्री की तबीयत शुक्रवार शाम को ऊना में बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए चंडीगढ़ (Chandigarh) ले जाया जा रहा था, लेकिन कुराली के समीप उनकी मौत हो गई। सिम्मी अग्निहोत्री एचपीयू के लोक प्रशासन विभाग में  प्रोफेसर थीं। जानकारी के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद स्थित निजी आवास आस्था कुंज में रखा जाएगा। अंतिम संस्कार दोपहर 2 बजे मोक्ष धाम गोंदपुर जयचंद (हरोली) में किया जाएगा।