पहाड़ों पर भारी बर्फबारी से जन-जीवन अस्त-व्यस्त

देश में पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होने से (Heavy snowfall on mountains) जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है (Public life disrupts)। लोग बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पहाड़ों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन बर्फ गिरने से लगभग सभी रास्ते बंद पड़े हुए हैं, इससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

जम्मू-कश्मीर में जबर्दस्त बर्फबारी हो रही है। पारा शून्य से भी नीचे पहुंच गया है। पहाड़, नदी, झीलें सब जम गई हैं। बर्फ गिरने से रास्ते बंद हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश में भी भारी बर्फबारी हो रही है। सैलानियों की संख्या बढ़ने से मुश्किलें हो रही हैं। सड़कों पर बर्फ गिरने से गाड़ियां फंस गई हैं, जिससे जगह-जगह कई किलोमीटर तक लंबा जाम लग रहा है। ताजा बर्फबारी की वजह से सैंकड़ों सड़कें बंद हो गई हैं। वहीं लाहौल-स्पीति जिले में भी बर्फबारी की वजह से सड़कों को बंद करना पड़ा है। शिमला में बर्फबारी की वजह से बिजली की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इससे कई ट्रांसफार्मर खराब हो गए हैं। उत्तराखंड में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। गढ़वाल और कुमांउ की पहाड़ियों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। इससे आसपास के निचले इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है। इसके अलावा केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री आदि में बर्फबारी की वजह से लोगों का आना-जाना बंद हो गया है।