दिल्ली में ठंड़ का कहर

दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। दिल्ली में ठंड लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। कोहरे का असर आज भी बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर चल रही है। दिल्ली एयरपोर्ट ने आज भी यात्रियों के लिए फॉग अलर्ट जारी किया है। बताया गया है कि हवाई अड्डे पर 30 से अधिक घरेलू विमानों के उड़ान भरने में देरी हुई है, जबकि 12 अलग-अलग शहरों से आने वाले 10 से अधिक विमानों की उतरने में दिक्कत हुई और उन्हें पूरी सुरक्षा के साथ देरी से लैंड कराया गया। दूसरी तरफ उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे के प्रकोप की वजह से ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। लंबी दूरी की अधिकतर ट्रेनें एक से सात घंटे तक की देरी से चल रही हैं।

दिल्ली में हाड़ कंपा देने वाली ठंड़ का आलम यह है कि शुक्रवार को भी दिल्ली के चार इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से भी कम रहा। दिल्ली के आयानगर में तो 1.8 डिग्री तापमान के साथ बर्फ जमा देने वाली सर्दी रही। दिल्ली में औसत न्यूनतम तापमान चार डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले गुरुवार को तीन डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा था।