
भारतीय सर्कस (indian circus) के पितामह कहे जाने वाले जेमिनी शंकरन (Gemini Sankaran) का 99 साल की उम्र में निधन हो गया। उम्र संबंधी बीमारियों के कारण पिछले कुछ दिनों से कन्नूर के एक निजी अस्पताल में भर्ती शंकरन का रविवार रात निधन हो गया। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन (Chief Minister Pinarayi Vijayan) ने दुनिया भर में भारतीय सर्कस को लोकप्रिय बनाने में प्रमुख भूमिका निभाने के लिए शंकरन की प्रशंसा की। विजयन ने कहा, ”उन्होंने भारतीय सर्कस के आधुनिकीकरण में प्रमुख भूमिका निभाई।
जेमिनी शंकरन एक उम्दा कलाकार होने के साथ ही जेमिनी और जंबो सर्कस कंपनियों के संस्थापक भी थे। उन्हें भारत का सबसे पुराने सर्कस कलाकार माना जाता है। उन्होंने एक सर्कस कलाकार के रूप में अपना करियर शुरू किया और देश-विदेश में विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया। उन्हें एमवी शंकरन नाम से भी जाना जाता था। उनकी जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, मोरारजी देसाई, राजीव गांधी, मार्टिन लूथर किंग, माउंटबेटन और अंतरिक्ष यात्री वेलेंटीना टेरेशकोवा के साथ बहुत अच्छे संबंध थे। उन्होंने इंडियन सर्कस फेडरेशन के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया। शंकरन का जन्म 13 जून 1924 को केरल के कोलास्सेरी, थालास्सेरी में हुआ था।
उनके माता-पिता का नाम रमन और कल्याणी था। वह अपने माता-पिता की पांचवीं संतान थे। सर्कस कला के प्रति अपने जुनून के कारण वह वर्ष 1938 में इसमें शामिल हुए। इसी बीच, उन्होंने सेना में भी काम किया।