यूपी के प्रयागराज में गैस रिसाव से 2 की मौत

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले (Prayagraj of UP) में यूरिया बनाने वाले एक प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव होने की खबर है (Ammonia Gas Leakage)। इससे प्लांट में काम कर रहे 2 अधिकारियों की मौत हो गई है तथा 20 से ज्यादा कर्मचारी बीमार हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 14 की हालत गंभीर है। मृतक अधिकारियों में सहायक प्रबंधक बी.पी. सिंह और उप प्रबंधक अभिनंदन शामिल हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना के प्रति अपना शोक व्यक्त किया है।

यह घटना प्रयागराज में स्थित इफ्को प्लांट (IFFCO Plant) में घटी, जोकि शहर से करीब 40 कि.मी. दूर फूलपुर इलाके में है। रात 12 बजे के लगभग इस प्लांट में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। उस समय कुछ अधिकारी तथा 100 के करीब कर्मचारी वहां मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस वहां पहुंची तथा पूरे प्लांट को खाली करा दिया गया। प्लांट के अधिकारियों के अनुसार यह गैस रिसाव एक पाइप लीक होने की वजह से हुआ, जिसे अब ठीक कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने भी जांच के आदेश दे दिए हैं।