
कोरोना वायरस (Corona Virus) की वजह से हुए लॉकडाउन (Lockdown) के बीच, आज गंगोत्री (Gangotri) और यमुनोत्री (Yamunotri) धाम के कपाट खुल जाएंगे। इससे पहले शीतकालीन प्रवास स्थल, मुखबा से मां गंगा की उत्सव डोली, सादगी पूर्वक अपने पहले पड़ाव भैरव घाटी के लिए रवाना हुई। लॉकडाउन के कारण इस डोली यात्रा में केवल 21 लोग ही शामिल हुए। इसमें 2 ढोल वादक, 19 तीर्थ पुरोहित व श्री गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारी शामिल थे। यह डोली रविवार सुबह गंगोत्री धाम पहुँचेगी। दोपहर 12:35 बजे धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे। इसी तरह, मां यमुना की उत्सव डोली, अपने शीतकालीन प्रवास स्थल, खरसाली से रविवार सुबह यमुनोत्री के लिए रवाना होगी। यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:41 बजे खोले जाएंगे। इसी के साथ औपचारिक रूप से चारधाम यात्रा का आगाज़ हो जाएगा।