नहीं रहे अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री हेनरी किसिंजर

अमेरिका (America) के पूर्व विदेश मंत्री (former foreign minister) हेनरी किसिंजर (Henry Kissinger) का बुधवार को निधन हो गया। 100 साल की उम्र में किसिंजर ने कनेक्टिकट स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। किसिंजर एसोसिएट्स इंक ने एक बयान जारी कर कहा कि विवादास्पद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता डॉक्टर हेनरी किसिंजर ने दो राष्ट्रपतियों के साथ काम करते हुए अमेरिकी विदेश नीति पर अमिट छाप छोड़ी। एक शानदार राजनयिक के रूप में पहचाने जाने वाले किसिंजर का 29 नवंबर को निधन हो गया।

हेनरी किसिंजर का जन्म 27 मई, 1923 को जर्मनी के फर्थ में हुआ था। 1938 में यहूदियों के खिलाफ नाजी अभियान से पहले वह अपने परिवार के साथ अमेरिका आए थे। वह 1943 में अमेरिकी नागरिक बन गए और द्वितीय विश्व युद्ध में यूरोप में सेना में काम किया। उन्होंने 1952 में हार्वर्ड विश्वविद्यालय में मास्टर डिग्री और 1954 में डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की। इसके बाद वह 17 साल तक हार्वर्ड की फैक्लटी में रहे। 1970 के दशक में राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन के अधीन राज्य सचिव के रूप में कार्य करते हुए किसिंजर का कई प्रमुख वैश्विक घटनाओं में हाथ था।