
पंजाब (Punjab) के पूर्व मुख्यमंत्री (former chief minister) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल (Prakash Singh Badal) का मंगलवार (25 अप्रैल 2023) को निधन हो गया। उनकी उम्र 95 वर्षीय थी। वह मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक कि बादल ने रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। इस बीच, केंद्र सरकार ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के सम्मान में 26 और 27 अप्रैल को पूरे देश में दो-दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद एक सप्ताह पहले मोहाली में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को भी उन्हें आईसीयू में रखा गया था, जहाँ डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर कड़ी नज़र रख रहे थे।
पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके बादल को ‘गैस्ट्राइटिस’ और सांस लेने में परेशानी के कारण पिछले साल जून में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें फ़रवरी 2022 में कोविड स्वास्थ्य जांच के लिए मोहाली के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था। बादल पिछले साल जनवरी में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे और उन्हें लुधियाना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया है कि बादल को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (Narendra Modi) दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ पहुंच सकते हैं। उनके पार्थिव शरीर को आज अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। गुरुवार को पूर्व सीएम बादल का अंतिम संस्कार उनके गांव बादल में किया जाएगा।
1952 में बादल गांव से चुने जाने पर बादल सबसे कम उम्र के सरपंच थे। वह 1970 में पंजाब के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री और फिर 2012 में सबसे उम्रदराज मुख्यमंत्री भी बने। उन्होंने 1970-71, 1977-80, 1997-2002, 2007-12 और 2012-17 तक पांच बार सीएम बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह लोकसभा सांसद भी थे और थोड़े समय के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री के रूप में भी कार्य किया।