उत्तर-प्रदेश (Uttar Pradesh) के संत कबीर नगर (Sant Kabir Nagar) से भाजपा के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी (Sharad Tripathi) का निधन हो गया। उन्होंने गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 49 वर्ष के थे। वह पिछले काफी समय से बीमार थे। त्रिपाठी के रिश्तेदार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता संजय मिश्रा ने बताया कि पूर्व सांसद के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और दो बेटे हैं। त्रिपाठी वर्ष 2014 में संत कबीर नगर सीट से भाजपा के सांसद चुने गए थे और वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले मेहदावल सीट से भाजपा विधायक राकेश सिंह से मारपीट प्रकरण से सुर्खियों में आए थे। त्रिपाठी के परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर आज शाम को गोरखपुर लाया जाएगा और शुक्रवार को अयोध्या में उनका अंतिम संस्कार होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह (Prime Minister Narendra Modi, Home Minister Amit Shah) और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने त्रिपाठी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।